द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : सूरजपुर थाना पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 12 मोटरसाइकिल और दो स्कूटी बरामद की गई हैं। बरामद वाहनों की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो अवैध चाकू भी बरामद किए हैं।

पुलिस ने बताया कि 6 सितंबर को लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपियों को गुलिस्तानपुर अंडरपास से एलजी कंपनी की ओर जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ और निशानदेही के दौरान आरोपियों द्वारा चोरी की गई मोटरसाइकिलों को मोजर बेयर गोलचक्कर से आगे सर्विस रोड पर रेलवे पुल के पास जंगल में कच्चे रास्ते पर छिपाकर रखने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने वहां से चोरी के वाहनों को बरामद किया।

दिल्ली-एनसीआर में करते थे रेकी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी शातिर और अभ्यस्त अपराधी हैं। गिरोह के सदस्य दिल्ली, एनसीआर, नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में रेकी कर मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी करते थे। चोरी के वाहनों को रेलवे पुल के किनारे जंगल में एकत्र किया जाता था। इसके बाद मौका मिलने पर जरूरत के हिसाब से वाहनों को बेच दिया जाता था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों में शिवम उर्फ शूटर (24), अभिषेक (18), अजीत कुमार (23) और गौरव कुमार (19) शामिल हैं। शिवम मूल रूप से दिल्ली के नागलोई का रहने वाला है और वर्तमान में सुत्याना में रह रहा था। अभिषेक बदायूं का निवासी है और हबीबपुर में रह रहा था। अजीत कुमार बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला है और हबीबपुर में रह रहा था, जबकि गौरव कुमार कुलेसरा का निवासी है।पहले से दर्ज हैं मुकदमे पुलिस के अनुसार,आरोपियों के खिलाफ ईकोटेक-3 और गाजियाबाद के कविनगर थाने में वाहन चोरी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। सूरजपुर थाने में भी चोरी के वाहनों की बरामदगी और अवैध हथियार रखने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है।