द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: सेक्टर-150 स्थित एल्डिको सोसाइटी में शनिवार देर रात एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में टैंक की सफाई कर रहा कर्मचारी और उसे बचाने के लिए टैंक में उतरा सिक्योरिटी गार्ड शामिल हैं।

सफाईकर्मी को बचाने उतरा था सिक्योरिटी गार्ड
पुलिस ने बताया कि मृतक शशिकांत शर्मा (40) पुत्र ओमप्रकाश शर्मा निवासी ग्राम गड़मुरा, थाना गड़मुरा, जिला करौली (राजस्थान) एल्डिको सोसाइटी के एसटीपी टैंक की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान वह टैंक के अंदर बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें बचाने के लिए सिक्योरिटी गार्ड आकाश (22) पुत्र भगवान सिंह निवासी ग्राम इटहारी, जिला फिरोजाबाद टैंक में उतरे, लेकिन वह भी बेहोश हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही थाना नॉलेज पार्क पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। दोनों को टैंक से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में अभियोग दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद सोसाइटी परिसर में शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है।