-शिकायत के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण टीम ने की पानी की जांच
-टीम ने आंतरिक नेटवर्क में खामी की जताई आशंका
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के सेक्टर ओमिक्रान- 3 स्थित मिग्सन अल्टिमो सोसाइटी में कुछ लोग बीमार हो गए थे। आशंका जताई जा रही थी गंदा पानी पीने के कारण लोग बीमार हुए थे। इसे देखते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीम सोसायटी पहुंची। प्राथमिक जांच में टीडीएस की मात्रा 200 मिली, जो कि मानक के अनुसार टीडीएस 500 (अधिकतम) से कम ही है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर जांच करने गई टीम में वरिष्ठ प्रबंधक जल चेतराम सिंह, प्रबंधक स्वतंत्र वर्मा और सहायक प्रबंधक गौरव बघेल शामिल रहे। उक्त सोसायटी में सैंपल लेकर श्रीराम टेस्ट लैब को भी भेजे जाने के लिए निर्देशित किया गया।
खामी की आशंका
टीम ने सोसाइटी के पास स्थित प्राधिकरण के नलकूप से सैंपल लिए। जांच टीम ने सोसाइटी के आंतरिक नेटवर्क में खामी होने की आशंका जताई है। जल विभाग की तरफ से सोसाइटी प्रबंधन को नोटिस जारी कर पानी के टैंक की सफाई व पाइपलाइन का परीक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। प्राधिकरण जल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्राधिकरण के जल विभाग की तरफ से सोसाइटी के टैंक तक सप्लाई की जाती है। सोसाइटी के अंदर जलापूर्ति नेटवर्क को दुरुस्त रखने की जिम्मेदारी बिल्डर या सोसाइटी प्रबंधन की होती है।
