द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना बीटा-2 पुलिस ने लूट की झूठी सूचना देकर कैश हड़पने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3,88,700 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद की है।पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान पुनीत कुमार वशिष्ठ पुत्र महेश कुमार वशिष्ठ, निवासी अल्फा-1, थाना बीटा-2, ग्रेटर नोएडा के रूप में हुई है। आरोपी ब्लिंकिट स्टोर से डिस्ट्रीब्यूटर वैष्णवी इंटरप्राइजेज के कैश कलेक्शन को बैंक में जमा कराने का काम करता था।
18 अगस्त को रची लूट की कहानी
पुलिस ने बताया कि 18 अगस्त को आरोपी पूर्वांचल रॉयल सिटी से करीब 3.88 लाख रुपये कैश कलेक्ट कर बैंक में जमा कराने के लिए अपनी कार से निकला था। रास्ते में उसकी नीयत बदल गई और उसने रकम बैंक में जमा करने के बजाय अपने पास रख ली। इसके बाद पुलिस को लूट की झूठी सूचना दे दी।इस सूचना के आधार पर थाना बीटा-2 में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने जांच के दौरान मामले की पड़ताल की तो लूट की घटना संदिग्ध पाई गई। इसके बाद आरोपी को महानंदन टी-पाइंट के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से 3,88,700 रुपये और कार संख्या यूपी 16 एफआर 9983 बरामद हुई है।
