द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना दादरी क्षेत्र में बिसहाड़ा रोड स्थित ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के पास सोमवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
इस कारण से हुई मौत
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान गौरव पुत्र लीवे निवासी ग्राम पिलखनवाली, थाना सिकंदराबाद, जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गौरव की बुलेट मोटरसाइकिल अचानक फिसल गई, जिससे वह वाहन के नीचे दब गया। आशंका जताई जा रही है कि बाइक का भार अधिक होने तथा इंजन और साइलेंसर से झुलसने के कारण नीचे दबे रहने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
