द न्यूज गली, नोएडा : थाना सेक्टर-39 पुलिस ने कार में लिफ्ट देकर यात्रियों से यूपीआई और एटीएम के जरिए रुपये ट्रांसफर कराने वाले पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, तीन चाकू और फर्जी नंबर प्लेट लगी एक अर्टिगा कार बरामद हुई है।

पुलिस के मुताबिक, 15 मई को स्टेलर ग्रीन पार्क के पास चेकिंग के दौरान गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की पहचान नसीम अली, अभिषेक कुमार, विवेक, कार्तिक ठाकुर और मनोज कुमार के रूप में हुई है।

राहगीरों को लिफ्ट देकर बैठा लेते थे
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एनसीआर क्षेत्र में अर्टिगा कार से घूमते थे और राहगीरों को लिफ्ट देने के बहाने कार में बैठा लेते थे। इसके बाद अवैध हथियार दिखाकर यात्रियों को डराते-धमकाते और उनसे यूपीआई व एटीएम के जरिए पैसे ट्रांसफर कराते थे। विरोध करने पर मारपीट कर पीड़ितों को सुनसान जगह पर छोड़ देते थे।

नसीम है गिरोह का सरगना
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का सरगना नसीम अली पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अन्य आरोपियों पर भी लूट, एनडीपीएस और आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज हैं।

बरामदगी में नसीम अली और अभिषेक कुमार के पास से दो अवैध तमंचे .315 बोर मिले हैं। जबकि विवेक, कार्तिक ठाकुर और मनोज कुमार के कब्जे से तीन अवैध चाकू बरामद किए गए। पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगी अर्टिगा कार भी कब्जे में ले ली है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने एनसीआर में कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।