द न्यूज गली, नोएडा : कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामलों में बरामद किए गए 972.283 किलोग्राम मादक पदार्थों का विनष्टीकरण कराया। नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 5.23 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश के अनुपालन में चलाए जा रहे ऑपरेशन दहन के तहत की गई।पुलिस के मुताबिक, आठ सितंबर को पुलिस उपायुक्त नार्कोटिक्स के पर्यवेक्षण में कमिश्नरेट के छह थानों में दर्ज 253 एनडीपीएस एक्ट के मामलों से संबंधित मादक पदार्थों का अधिकृत एजेंसी के माध्यम से नियमानुसार निस्तारण कराया गया। इसमें 907.622 किलोग्राम गांजा, 0.552 किलोग्राम चरस, 63.75 किलोग्राम डोडा, 115 ग्राम कोकीन, चार ग्राम एमडीएमए और 240 नशीली गोलियां शामिल थीं।
इन थानों में हुई कार्रवाई
थाना सेक्टर-39 के 15 मामलों से संबंधित 24.47 किलो गांजा, 1.25 किलो डोडा और 240 ग्राम नशीली गोलियां नष्ट की गईं। सेक्टर-126 थाने के 30 मामलों से 67.696 किलो गांजा, 372 ग्राम चरस, 15 ग्राम कोकीन और चार ग्राम एमडीएमए का विनष्टीकरण हुआ।सेक्टर-113 थाने के 53 मामलों से संबंधित 74.135 किलो गांजा और सेक्टर-63 थाने के 57 मामलों से 108.141 किलो गांजा नष्ट किया गया। वहीं बादलपुर थाने के 97 मामलों से 630.88 किलो गांजा, 62.5 किलो डोडा, 180 ग्राम चरस और 100 ग्राम कोकीन का निस्तारण कराया गया। रबूपुरा थाने में दर्ज एक मामले से संबंधित 2.3 किलो गांजा भी नष्ट किया गया।
