द न्यूज गली, नोएडा : थाना एक्सप्रेसवे पुलिस ने मोबाइल फोन और चेन स्नैचिंग करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, दो पीली धातु की चेन, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, 14,500 रुपये नकद और अवैध हथियार बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, बुधवार को सेक्टर-168 के पास से सुमित पुत्र कृपाल सिंह निवासी कासगंज और सुमित वाल्मीकि पुत्र नेकराम मनोज निवासी बदायूं को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी नोएडा और दिल्ली में किराये के मकान में रह रहे थे। उनकी उम्र क्रमश: 23 और 19 वर्ष है।

मोटरसाइकिल से घूमकर करते थे वारदात
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मोटरसाइकिल से एनसीआर क्षेत्र में घूमते थे और रास्ते में आने-जाने वाले लोगों को निशाना बनाकर मोबाइल फोन और चेन छीन लेते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पिछले दो-तीन महीनों में थाना सेक्टर-113 क्षेत्र में भी चेन और मोबाइल फोन छीनने की वारदातें की थीं। छीने गए सामान को राह चलते लोगों को सस्ते दामों में बेचकर मिले रुपये आपस में बांट लेते थे और मौज-मस्ती में खर्च करते थे। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से बरामद सामान के संबंध में थाना एक्सप्रेसवे में मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-113 में मोबाइल और चेन स्नैचिंग से संबंधित चार मुकदमे भी दर्ज हैं।

एक आरोपी से तमंचा और दूसरे से चाकू मिला
पुलिस के अनुसार सुमित पुत्र कृपाल सिंह के कब्जे से 7,500 रुपये, एक मोबाइल फोन, .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो पीली धातु की चेन और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। वहीं सुमित वाल्मीकि के कब्जे से 7,000 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और एक अवैध चाकू बरामद किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।