द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना दनकौर क्षेत्र के ग्राम सरकपुर में हुए गोलीकांड के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस घटना में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, एक तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किए है।

क्या था पूरा मामला?
बुधवार को ग्राम सरकपुर में रहने वाला सागर अपनी दुकान के पास खड़ा था, तभी लक्की नामक युवक अपने वाहन से दूध डालकर लौट रहा था। वाहन से उड़ती धूल को लेकर सागर और लक्की के बीच कहासुनी हो गई, जो जल्द ही गाली-गलौच और झगड़े में बदल गई। इसके बाद लक्की अपने साथियों विनोद, सुभाष, जयप्रकाश उर्फ कालिया और वरुण को बुला लाया। इन लोगों ने मिलकर सागर के साथ मारपीट की और झगड़ा बढ़ने पर लक्की ने पिस्टल निकालकर सागर पर फायरिंग कर दी। गोली सागर के पेट में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

गुप्त सूचना पर हुई गिरफ्तारी
घटना के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। 21 फरवरी को थाना दनकौर पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी सलारपुर अंडरपास के पास चपरगढ़ रोड पर मौजूद है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर लक्की और वरुण को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल, एक तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस अब अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।