-पुष्‍पोत्‍सव देखने परिवार के साथ पहुंचे हजारों लोग
-फूलों के साथ ही साइंस मॉडल प्रदर्शनी लोगों को आ रही पसंद

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के सम्राट मिहिर भोज पार्क (सिटी पार्क) में पुष्पोत्सव में शनिवार को बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। प्रदर्शनी में विभिन्न प्रजातियों के फूलों के अलावा खूबसूरत पुष्प डिज़ाइन, लैंडस्केपिंग, बच्चों की फूल-पत्तों से सजी फैशन प्रदर्शनी, साइंस मॉडल प्रदर्शनी, संगीत एवं नृत्य जैसे कार्यक्रमों में स्थानीय निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन का मुख्य आकर्षण शाम 7 से 9 बजे तक आयोजित लेजर लाइट एंड साउंड शो रहा। जिसमें लेजर लाइट व ध्वनि के माध्यम से गौतमबुद्ध नगर के गौरवशाली इतिहास को दर्शाया गया। बताया गया कि यह भूमि प्राचीन काल से ऐतिहासिक धरोहरों से समृद्ध रही है। त्रेता युग में रामायण काल से जुड़ा बिसरख गांव, जिसे रावण के जन्मस्थान के रूप में जाना जाता है।महाभारत काल में गुरु द्रोणाचार्य का आश्रम, जो दनकौर गांव में स्थित है, जहां कौरव और पांडवों ने अस्त्र-शस्त्र की शिक्षा प्राप्त की थी।

पर्यावरण के अनुकूल होगा शहर
प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि ग्रेटर नोएडा आने वाले वर्षों में सतत विकास के नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। वेस्ट टू वंडर पार्क, वेस्ट टू बायो-CNG प्लांट, और आयुर्वेद पार्क जैसे अन्य अनूठे कदम उठाए जाएंगे जो पर्यावरण के अनुकूल होंगे। कचरे के पुनर्चक्रण से उपयोगी संसाधन बनाए जाएंगे। ग्रीन सिटी मिशन के तहत निकट भविष्य में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा। ग्रेटर नोएडा की यह यात्रा यहीं समाप्त नहीं होती। हमें इसे और हराभरा बनाना होगा, पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देनी होगी और फूलों की इस दुनिया को और भी सुंदर व समृद्ध बनाना होगा। एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने बताया कि लेजर शो में यह भी दिखाया गया है कि पुष्पोत्सव 2025 में, इस वर्ष गेंदा फूल (मैरीगोल्ड) थीम फ्लावर है। इसे सूर्य की शक्ति, प्रकाश, और प्रगति का प्रतीक माना जाता है। भारतीय समाज में गेंदा आशा, प्रेम, सफलता, और पवित्रता का प्रतीक है।