
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : बाइक पर सवार होकर एक कंपनी में काम करने जा रहे युवक को एक अज्ञात कंटेनर चालक ने विपरीत दिशा से वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी। घटना में उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुनेंद्र ने दर्ज कराई रिपोर्ट
थाना दादरी के प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि मुनेंद्र पुत्र प्रीतम सिंह ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह जनपद बुलंदशहर के रहने वाले। उनके अनुसार उनका भाई देवेंद्र कुमार 4 मार्च को 5 बजे के करीब अनमोल इंडस्ट्री लिमिटेड उद्योग विहार ग्रेटर नोएडा में काम करने के लिए मोटरसाइकिल पर सवार होकर निकला था। पीड़ित के अनुसार ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे के पास एक अज्ञात कंटेनर चालक ने विपरीत दिशा से वाहन चलाते हुए उसके भाई को टक्कर मार दिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। एंबुलेंस द्वारा उसे दादरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया ,वहां पर डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया है। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।