द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने युवक को गोली मारने वाले आरोपी को धर दबोचा है। आरोपी ने घंटा गोलचक्कर के समीप घटना को अंजाम दिया था। पकड़े गए आरोपी की पहचान उस्मान खान के रूप में हुई है। उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल अवैध पिस्टल, कारतूस बरामद किया गया है। वहीं गोली से घायल हुए व्यक्ति का उपचार अस्पताल में चल रहा है।
रेलवे लाइन के समीप से धर दबोचा
सूरजपुर कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस द्वारा लोकल इंटेलिजेंस एवं गोपनीय सूचना के आधार पर कार्यवाही करते हुए घंटा गोलचक्कर पर कहासुनी पर एक व्यक्ति को जान से मारने की नियत से अवैध पिस्टल से हमला करने वाले आरोपी उस्मान को एल.जी. रेलवे लाईन के किनारे से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने महज कहासुनी होने पर पीड़ित को गोली मारकर घायल कर दिया था।
यह हुई थी घटना
कल 10 मई को आरोपी उस्मान के द्वारा पीड़ित को घंटा गोलचक्कर पर जान से मारने की नियत से पिस्टल से गोली मार दी थी। जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है उक्त घटना के सम्बन्ध में पीड़ित के भाई द्वारा आरोपी उस्मान के खिलाफ केस दर्ज कराया गया था। उस्मान मूल रूप से बुलंदशहर के गांव मउखेड़ा कोतवाली नगर का रहने वाला है। वह पिछले वर्ष गांजा तस्करी के मामले में भी जेल जा चुका है।
