-चयनित को राज्य आपदा मोचन बल लखनऊ में दिया जाएगा प्रशिक्षण
-स्वयंसेवकों के चयन हेतु मांगे गए ऑफलाइन आवेदन

द न्‍यूज गली,ग्रेटर नोएडा:आपदा की स्थिति में जान-माल की सुरक्षा के लिए जिले में 19 स्वयंसेवकों का चयन किया जाएगा। चयनित लोगों को आपदा मित्र परियोजना के तहत 12 दिवसीय प्रशिक्षण लखनऊ में दिया जाएगा। आपदा मित्र स्वयंसेवकों को 17 से 28 तक फरवरी 2026 तक मुख्यालय राज्य आपदा मोचन बल उत्तर प्रदेश लखनऊ में प्रशिक्षण हेतु भेजा जाएगा। प्रशिक्षण अवधि में ठहरने, भोजन, प्रशिक्षण सामग्री तथा आवागमन सहित समस्त व्यय एसडीआरएफ द्वारा वहन किया जाएगा तथा चयनित अभ्यर्थियों से किसी प्रकार की धनराशि नहीं ली जाएगी। पात्र स्वयंसेवकों का नामांकन, पंजीकरण एवं अन्य औपचारिकताएं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से संपन्न की जाएंगी।

यह है शर्त
एडीएम अतुल कुमार ने बताया कि आपदा मित्र के रूप में चयन हेतु अभ्यर्थी की आयु 18 से 40 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। इसमें पूर्व सैनिक, सेवानिवृत्त चिकित्सा कर्मी एवं इंजीनियरों को अधिकतम 5 वर्ष की छूट दी जाएगी। अभ्यर्थी गौतमबुद्धनगर का मूल निवासी होना चाहिए तथा न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 7वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। अभ्यर्थी का शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक रूप से स्वस्थ होना तथा स्वास्थ्य प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। अग्निशमन, नागरिक सुरक्षा, होमगार्ड्स एवं भूतपूर्व सैनिकों को वरीयता दी जाएगी। आपदा प्रबंधन एवं बचाव कार्यों का अनुभव रखने वाले तथा तैराक अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही महिला स्वयंसेवकों की भागीदारी को प्रोत्साहित किया जाएगा। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी अपना आवेदन पत्र 12 फरवरी 2026 तक कलेक्ट्रेट कार्यालय में स्थित जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कार्यालय कक्ष संख्या-203 में जमा कर सकते हैं।