-आठ करोड़ रुपए की योजना पर प्राधिकरण ने शुरू कराया काम
-आए दिन लगने वाले जाम की समस्या होगी खत्म
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाले लोगों की सहूलियत को देखते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बड़ा कदम उठाया है। योजना के तहत प्राधिकरण ने दो यू टर्न बनाने का निर्णय लिया है। एक यू टर्न चार मूर्ति व दूसरा गौड़ चौक व तिगरी के बीच बनेगा। साथ ही दोनों तरफ की सड़क को भी चौड़ा किया जाएगा। योजना पर लगभग 8 करोड़ रुपए खर्च होगा। यू टर्न बनने व सड़क चौड़ी होने से आए दिन लगने वाले जाम से निजात मिलेगी। प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि अगले कुछ माह में दोनों काम पूरा हो जाएगा।
दो लेन की होगी सड़क
यू टर्न बनाने का काम शुरू हो गया है, अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सड़क को चौड़ा करने का काम भी शुरू हो जाएगा। दोनों तरफ की सर्विस रोड दो-दो लेन की होगी। वर्तमान में यह एक-एक लेन ही है। इस कारण कई बार जाम की स्थिति बन जाती है। सड़क चौड़ी होने के बाद वाहन फर्राटा भरेंगे। साफ ही लंबा सफर करने की बजाए यू टर्न की सहूलियत मिल जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि सड़क पर वाहनों के लगातार बढ़ते दबाव को देखते हुए यू टर्न व सड़क चौड़ी करने का निर्णय लिया गया है।
