द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नोएडा नॉलेज पार्क स्थित रक्षपाल बहादुर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (आरबीएमआई कॉलेज) में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में गौतमबुद्ध नगर एवं आसपास के विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों ने सहभागिता की। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि के रूप में जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री एवं मुक्ता मेंटेंरिग माइडं की सीईओ मुक्ता जोशी मौजूद थीं। कार्यक्रम का उद्घाटन अतिथियों एवं कॉलेज के निदेशक डॉ श्याम कुमार द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई।

समाज की रीढ़ हैं शिक्षक
कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों के निःस्वार्थ समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और समाज निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को सम्मान देना था। समारोह के दौरान चयनित शिक्षकों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। दोनों अतिथियों ने कहा कि शिक्षक समाज की रीढ़ होते हैं और भावी पीढ़ी के निर्माण में उनकी भूमिका अतुलनीय है। शिक्षकों का सम्मान करना वास्तव में ज्ञान, संस्कार और संस्कृति का सम्मान है। समारोह के दौरान शिक्षकों ने भी अपने अनुभव साझा किए और इस प्रकार के आयोजनों को प्रेरणादायक बताया। अंत में शिवांगी राय द्वारा सभी आगंतुक शिक्षकों का आभार व्यक्त किया गया और भविष्य में भी शिक्षा के उत्थान हेतु ऐसे आयोजनों को निरंतर आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।

