-प्रदर्शनी में विभिन्‍न स्‍कूलों के कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने लिया हिस्‍सा
-प्रतियोगिता के जज मंडल ने विजेताओं का किया चयन

द न्‍यूज गली, नोएडा: पंचशील बालक इंटर कॉलेज नोएडा में जनपद स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में जिले के विभिन्‍न स्‍कूलों के विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के जज मंडल ने प्रत्येक मॉडल का गहन मूल्यांकन किया गया तथा विद्यार्थियों से उनके मॉडलों की कार्यप्रणाली, उपयोगिता एवं भविष्य की संभावनाओं से संबंधित प्रश्न पूछे। निर्णायकों ने छात्रों के मॉडलों में नए स्टार्ट-अप, नवाचार और उद्यमिता की व्यापक संभावनाएं देखीं। कड़ी समीक्षा एवं गहन विचार-विमर्श के पश्चात परिणाम घोषित किए गए।

यह बने विजेता
विज्ञान प्रदर्शनी के निर्णायक समिति के सदस्यों ने विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी आधारित मॉडलों का अवलोकन किया और छात्रों के नवाचार प्रयासों की सराहना की। विद्यार्थियों ने विज्ञान और तकनीक से जुड़े विभिन्न विषयों पर कार्यशील (वर्किंग) मॉडल प्रस्तुत किए। निर्णायक समिति में अखिलेश कुमार सिंह, सहायक प्रोफेसर, गलगोटिया यूनिवर्सिटी, डॉ. योद्धावीर सिंह एसोसिएट प्रोफेसर और डिप्टी एचओडी, गलगोटिया यूनिवर्सिटी, डॉ.सीके सेठ, पूर्व प्रोफेसर, दिल्ली यूनिवर्सिटी, ए.के. सिन्हा, पीजीटी फिजिक्स शामिल रहे। सभी निर्णायक अपने-अपने क्षेत्र के अनुभवी एवं विशेषज्ञ थे। कार्यक्रम के अंत में परिणाम घोषित किए गए, जे.पी स्कूल की आराध्या वाधवा के मॉडल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर विशाल इंटरनेशनल स्कूल के छात्र आदिश जैन एवं तीसरा स्थान पंचशील बालक इंटर कॉलेज के छात्र मनोज ने हासिल किया। सांत्वना पुरस्कारों में महामाया बालिका इंटर कॉलेज एवं एसडीआरवी कान्वेंट स्कूल के विद्यार्थी रहे। विजेता विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। वहीं प्रदर्शनी में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को भी प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।