-आग के कारण किचन में रखा काफी सामान जला
-बिल्डर प्रबंधन व मेटेनेंस टीम से फ्लैट मालिक ने की शिकायत
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा:ग्रेटर नोएडा वेस्ट की निराला ग्रीन शायर सोसायटी के एक फ्लैट में बड़ी घटना होने से बच गई। खाना बनाने के दौरान फ्लैट के किचन में आग लग गई। किचन में आग देखकर परिवार के लोग डर गए। आग लगने के बाद भी फ्लैट में लगा स्मोक डिटेक्टर और फायर अलार्म तक नहीं बजा। साथ ही टावर की लॉबी में लगी फायर अलार्म मशीन भी बंद थी। फ्लैट मालिक ने हिम्मत दिखाई और आग पर काबू पाया। इस कारण बड़ी घटना होने से बच गई। फ्लैट मालिक ने घटना के वक्त स्मोक डिटेक्टर व फायर अलार्म न बजने व लॉबी में लगी फायर अलार्म मशीन बंद होने की शिकायत बिल्डर प्रबंधन व मेंटेनेंस टीम से की है।
खाना बना रही थी महिला
निराला ग्रीन शायर सोसायटी के टावर G-12 के फ्लैट नंबर 107 में अंकुर परिवार के साथ रहते हैं। सुबह के वक्त उनकी पत्नी किचन में खाना बनाने की तैयारी कर रही थीं। कुछ देर के लिए वह कमरे में गई इसी दौरान किचन में आग लग गई। आग के कारण किचन में धूंआ फैल गया। उनका कहना है कि आग लगने की सूचना टॉवर में तैनात गार्ड को दी गई लेकिन मदद के लिए कोई नहीं पहुंचा। अंकुर ने हिम्मत दिखाई और पानी डालकर आग पर काबू पाया।
