-25 फरवरी को जिले में आयोजित होगा रोजगार महोत्सव-2026
-विभागीय पोर्टल या क्यूआर कोड से कर सकते हैं ऑनलाइन रजिस्‍ट्रेशन

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत गौतमबुद्ध नगर में जिला सेवायोजन कार्यालय के माध्यम से 25 फरवरी को रोजगार महोत्सव 2026 का आयोजन होगा। आयोजन विश्वेश्वरैया ग्रुप ऑफ़ इंस्टिट्यूशन, विश्वेश्वरैया कैंपस, न्यू नोएडा जीटी रोड, दादरी में होगा। आयोजन की तैयारियों की समीक्षा हेतु मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। रोजगार महोत्सव के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने, किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में अग्निशमन दल की उपलब्धता तथा अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए मेडिकल टीम की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त सेवायोजन विभाग को रोजगार मेले में हेल्प डेस्क, मार्गदर्शन काउंटर तथा ऑनलाइन एवं क्यूआर कोड आधारित पंजीकरण प्रणाली को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश भी दिए गए।

5000 लोगों के आने का अनुमान
जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री ने बताया कि रोजगार महोत्सव में 100 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां लगभग 2000 से अधिक रिक्त पदों के साथ प्रतिभाग करेंगी। जिसमें 5000 से अधिक अभ्यर्थियों की सहभागिता संभावित है। रोजगार मेले में प्रतिभाग करने हेतु अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित है। आठवीं पास, दसवीं पास, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, बी.टेक, बीबीए, एमबीए, फार्मेसी सहित स्नातक एवं स्नातकोत्तर अभ्यर्थी इस रोजगार मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी ROJGARSANGAM.UP.GOV.IN पोर्टल अथवा क्यूआर कोड के माध्यम से अपना पंजीकरण कर सकते हैं। रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए बायोडाटा, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, शैक्षणिक प्रमाण पत्र एवं पंजीकरण पर्ची की प्रिंट अथवा डिजिटल प्रति लाना अनिवार्य होगा। रोजगार मेले में भाग लेने हेतु किसी प्रकार का कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा, यह पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। रोजगार महोत्सव में सैमसंग, योकामा, एक्सिस बैंक, एचसीएल, जी4एस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, वीवो, सैमसंग डिस्प्ले, रेडिसन ब्लू, यूफ्लेक्स, सैमसंग इंजीनियरिंग, टेक महिंद्रा, क्राउन प्लाजा, बीएलएस, केआरबीएल लिमिटेड, डेंसो, लावा, ओप्पो, न्यू हॉलैंड सहित लगभग 100 प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी।