-पुलिस ने सभी पर धारा 292 BNS के तहत की कार्रवाई
-कासना कोतवाली क्षेत्र में सर्वाधिक 75 पर हुई कार्रवाई

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: सार्वजनिक स्‍थान पर खुले में शराब पीना पूरी तरह से प्रतिबंधित है, बावजूद लोगों के द्वारा शाम होने के साथ ही जाम झलकाना शुरू कर दिया जाता था। शराब पीने के दौरान अपशब्‍दों का भी प्रयोग किया जाता था, इस कारण वहां से गुजरने वाले लोगों को अक्‍सर परेशानी का सामना करना पड़ता था। ऐसे लोगों पर कार्रवाई के लिए ग्रेटर नोएडा ज़ोन के DCP साद मियां खान के निर्देश पर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। सार्वजनिक स्‍थान पर शराब पीने वालों के खिलाफ धारा 292 BNS के कार्रवाई की। सोमवार को रात भर चले अभियान में 383 लोगों पर पुलिस ने कार्रवाई की।

कासना में पकड़े गए सबसे अधिक शराबी
पुलिस ने 9 फरवरी की रात पूरे ज़ोन में एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान 383 लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते हुए पकड़ा। इन सभी के खिलाफ धारा 292 BNS के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की गई है। अभियान में थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र से 42, थाना बीटा-2 से 28, थाना दादरी से 52, थाना जारचा से 32, थाना कासना से 75, थाना ईकोटेक-प्रथम से 14, थाना दनकौर से 62, थाना जेवर से 62 और थाना रबूपुरा क्षेत्र से 16 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।