-पीजीडीएम बैच 2023–25 के लिए आयोजित हुआ दीक्षांत समारोह
-राज्यपाल ने कहा शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय भूमिका निभा रहा जीएनआईओटी
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नॉलेज पार्क स्थित जीएनआईओटी इंस्टीट्यूशंस ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में पीजीडीएम दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों, परिश्रम और उज्ज्वल भविष्य के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता का सशक्त प्रतीक बना। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान थे। उन्होंने कहा शिक्षा के क्षेत्र में पिछले 25 वर्षों से जीएनआईओटी ग्रुप महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने छात्रों से कहा कि वर्तमान में शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का नहीं, बल्कि शैक्षणिक जीवन की एक महत्वपूर्ण यात्रा के सफल समापन और व्यावसायिक जीवन की नई शुरुआत का प्रतीक है। पीजीडीएम जैसे चुनौतीपूर्ण और व्यावसायिक पाठ्यक्रम को सफलतापूर्वक पूर्ण करना विद्यार्थियों के सतत परिश्रम, अनुशासन और संकल्प का परिणाम है। राज्यपाल ने कहा कि आज प्रदान की गई उपाधि विद्यार्थियों को पहचान देती है, लेकिन उनका चरित्र, दृष्टिकोण, कार्य-संस्कृति और नैतिक मूल्य उन्हें उत्कृष्ट बनाएँगे। तकनीक, डिजिटल अर्थव्यवस्था, डेटा एनालिटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस युग में प्रबंधन शिक्षा केवल रोजगार का साधन नहीं, बल्कि राष्ट्र की मजबूत आधारशिला है।

छात्रों को मिली उपाधि
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि नागेन्द्र नाथ त्रिपाठी, क्षेत्रीय महामंत्री (संगठन), भारतीय जनता पार्टी, बिहार–झारखंड ने विद्यार्थियों को राष्ट्रहित, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता जीएनआईओटी समूह के अध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार गुप्ता ने की। उन्होंने संस्थान की शैक्षणिक परंपरा, उद्योग-संस्थान सहयोग और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर प्रकाश डाला। वाइस चेयरमैन गौरव गुप्ता ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि जीएनआईओटी समूह उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने हेतु सतत प्रयासरत है। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. भूपेन्द्र कुमार सोम , भारतीय जनता पार्टी के नेता नीरज सिंह,महेन्द्र कुमार, कुलसचिव अनिल मधवाल सहित अनेक गणमान्य अतिथि, प्राध्यापकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शालिनी शर्मा द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे समारोह को प्रभावशाली, अनुशासित एवं समयबद्ध रूप में संचालित किया। दीक्षांत समारोह के दौरान संस्थान के 290 से अधिक विद्यार्थियों को उपाधियाँ प्रदान की गईं।


