-प्राधिकरण टीम ने बनाए गए निर्माण को किया ध्वस्त
-अभियान के दौरान 30000 वर्ग मीटर जमीन से हटाया अतिक्रमण
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में कॉलोनी काटने वालों पर प्राधिकरण की कार्रवाई लगातार जारी है। कुछ लोगों के द्वारा बिसरख गांव के डूब क्षेत्र में अवैध कॉलोनी काटी जा रही थी। चारदीवारी के साथ ही अन्य निर्माण किया गया था। सूचना के बाद शुक्रवार को प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची और निर्माण को ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई में लगभग 30000 वर्गमीटर जमीन से अतिक्रमण हटाया गया।
इस खसरा नंबर पर हुई कार्रवाई
ग्रेनो प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने परियोजना विभाग को अवैध निर्माण कर जमीन कब्जाने वालों के खिलाफ अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं। अतिक्रमण हटाओ अभियान का नेतृत्व कर रहे ग्रेनो प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने कहा कि अधिसूचित एरिया में कहीं भी अनुमति के बिना निर्माण करना गलत है। प्राधिकरण की तरफ से अवैध निर्माण पर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने जनमानस से अपील की है कि कालोनाइजरों के चंगुल में फंसकर अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं। परियोजना विभाग के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि ग्राम बिसरख के खसरा संख्या 135 की लगभग 30000 वर्ग मीटर जमीन पर कालोनाइजर कालोनी बसाने के फिराक में थे। बाउंड्री बनाकर जमीन कब्जाने की कोशिश कर रहे थे। परियोजना विभाग के वर्क सर्किल -3 के प्रबंधक रोहित गुप्ता के नेतृत्व में सहायक प्रबंधक राजीव कुमार व अन्य की टीम ने दो जेसीबी, तीन डंफर, प्राधिकरण का पुलिस बल के सहयोग से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया है।
