द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा:करप्शन फ्री इंडिया संगठन की महत्वपूर्ण बैठक ग्रेटर नोएडा के सेक्टर चाई-4 में हुई। बैठक में गौतम बुद्ध नगर के अंतर्गत आने वाले तीनों प्राधिकरणों के क्षेत्रों में निजी बिल्डरों द्वारा किए जा रहे भूजल दोहन को रोकने तथा लीज डीड में अंकित शर्तों के अनुसार स्थानीय किसानों को शिक्षा एवं चिकित्सा के क्षेत्र में छूट दिलाने के लिए आंदोलन की रणनीति तैयार की गई। करप्शन फ्री इंडिया संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय एवं आलोक नागर ने कहा कि जल्द ही नोएडा प्राधिकरण, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और यमुना प्राधिकरण के अंतर्गत निजी बिल्डरों द्वारा किए जा रहे भूजल दोहन पर रोक लगाने तथा स्थानीय किसानों को उनके अधिकार दिलाने के लिए व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा। चौधरी प्रवीण भारतीय ने बताया कि ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में स्थानीय किसानों की जमीन पर स्थापित स्कूलों एवं अस्पतालों में लीज डीड के अनुसार किसानों को मिलने वाली शिक्षा और चिकित्सा संबंधी सुविधाओं एवं छूट को प्रभावी रूप से लागू कराने की मांग भी आंदोलन का प्रमुख मुद्दा रहेगा। इस अवसर पर आलोक नागर, बलराज हूंण, ब्रह्मपाल कपासिया, लव यादव, मुकेश कसाना आदि लोग मौजूद थे।