द न्यूज गली ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर 10 स्थित कोको काउंटी मल्टी स्टोरी बिल्डिंग के भूतल पर संचालित नागपाल रेस्टोरेंट में शुक्रवार दोपहर सिलेंडर लीकेज के चलते आग लग गई। आग के साथ तेज धमाके जैसी आवाज होने से अफरातफरी मच गई। हादसे में रेस्टोरेंट के दो कर्मचारी झुलस गए जबकि एक महिला ग्राहक और उसका 17 वर्षीय बेटा भागने के दौरान चोटिल हो गए। सभी घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप चौबे ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 12:40 बजे सूचना मिली थी कि इकोटेक 3 कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर 10 स्थित फूड प्लाजा में सिलेंडर ब्लास्ट के कारण आग लग गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गैस सिलेंडर से रिसाव होने के कारण रेगुलेटर में आग लगीए जिसके बाद धमाके जैसी आवाज हुई और रेस्टोरेंट के शीशे टूट गए। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। बिल्डिंग में लगे फायर फाइटिंग सिस्टम की मदद से आग पर तुरंत काबू पा लिया गयाए जिससे बड़ा हादसा टल गया। दमकल की गाड़ी पहुंचने से पहले ही आग काफी हद तक बुझ चुकी थी। हादसे के दौरान रेस्टोरेंट में कार्यरत दो कर्मचारी झुलस गए जबकि एक महिला और उसका बेटा बाहर निकलते समय गिरकर चोटिल हो गए। सभी को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में दहशत का माहौल रहा। आसपास के फ्लैटों में रहने वाले लोग धमाके की आवाज सुनकर बाहर निकल आए। फिलहाल स्थिति सामान्य है। गैस रिसाव और सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है। रेस्टोरेंट प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।