-देश के विभिन्न संस्थानों के छात्रों ने लिया था हिस्सा
-गलगोटिया की टीम को मिला 500 अमेरिकी डॉलर का नकद पुरस्कार
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ऑल इंडिया कंप्यूटर सोसायटी स्टूडेंट एंड यंग प्रोफेशनल्स कांग्रेस-2025 का आयोजन कोलकाता में किया किया गया। प्रतियोगिता में गलगोटिया विश्वविद्यालय के कंप्यूटर सोसायटी छात्र शाखा चैप्टर को भारत का सर्वश्रेष्ठ कम्प्यूटर सोसायटी चैप्टर घोषित किया गया। आयोजन में देशभर के विभिन्न संस्थानों के छात्र चैप्टरों ने भाग लिया था। प्रतियोगिता के अंतर्गत आयोजित बैटल ऑफ चैप्टर्स में गलगोटिया विश्वविद्यालय के चैप्टर ने अपने नवाचारी तकनीकी कार्यक्रमों, सामाजिक सहभागिता और प्रभावी नेतृत्व के आधार पर राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए टीम को 500 अमेरिकी डॉलर का नकद पुरस्कार मिला।
यह छात्र थे शामिल
प्रतियोगिता में गलगोटिया विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की एक समर्पित टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में गौरांग पंत, शुभ्रांशु शेखर दास व राशी बाजपेयी शामिल थे। इन विद्यार्थियों ने अपने तकनीकी कौशल और नेतृत्व क्षमता के माध्यम से विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। उल्लेखनीय है कि गलगोटिया विश्वविद्यालय वैश्विक स्तर पर भी अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। क्यूएस विश्व विश्वविद्यालय रैंकिंग 2026 में विश्वविद्यालय को विश्व स्तर पर 1201–1400 श्रेणी में स्थान प्राप्त हुआ है। साथ ही भारत के निजी विश्वविद्यालयों में 15वां स्थान तथा सभी भारतीय विश्वविद्यालयों में 43वां स्थान हासिल हुआ है। इसके अतिरिक्त टाइम्स हायर एजुकेशन विश्व विश्वविद्यालय रैंकिंग 2025 में गलगोटिया विश्वविद्यालय को भारत के विश्वविद्यालयों में 45वां स्थान प्राप्त हुआ है तथा वैश्विक स्तर पर 1001–1200 श्रेणी में स्थान मिला है।

