द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नॉलेज पार्क स्थित एचआईएमटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में चल रहा तीन दिवसीय वार्षिक उत्सव स्प्रीएस्टा-2026 का बृहस्‍पतिवार को समापन हो गया। समापन दिवस पर परिसर ऊर्जा, प्रतिभा और उत्सव के रंगों से सराबोर हो उठा। छात्रों की हर प्रस्तुति ने दर्शकों के मन में एक अमिट छाप छोड़ी। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भव्य फैशन शो था। जिसमें देश के विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों के प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता, आत्मविश्वास और स्टाइल का शानदार प्रदर्शन किया। आकर्षक परिधानों, थीम-आधारित प्रस्तुतियों और रैंप पर दमदार वॉक ने पूरे वातावरण को ग्लैमर और उत्साह से भर दिया। दर्शकों की तालियों और उत्साहपूर्ण प्रतिक्रिया ने प्रतिभागियों का मनोबल और भी बढ़ाया।

आयोजित हुए सांस्‍कृतिक कार्यक्रम
कार्यक्रम में डांस परफॉर्मेंस ने समां बांध दिया। विविध नृत्य शैलियों—शास्त्रीय, लोक और आधुनिक—का संगम देखने को मिला, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। हर प्रस्तुति में ताल, भाव और ऊर्जा का अद्भुत संतुलन देखने को मिला। स्किट (नाटक) प्रस्तुतियों ने न केवल मनोरंजन किया बल्कि सामाजिक मुद्दों पर प्रभावशाली संदेश भी दिए। प्रतिभागियों ने अपने अभिनय कौशल, संवाद अदायगी और सशक्त प्रस्तुति के माध्यम से दर्शकों को हँसाया। सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं और उपविजेताओं को सम्मानित किया गया। विजेताओं के चेहरों पर खुशी और गर्व स्पष्ट झलक रहा था, वहीं दर्शकों और प्रतिभागियों ने भी इस उपलब्धि का भरपूर उत्सव मनाया। खेल प्रतियोगिता वॉलीबॉल (बालक वर्ग) में गलगोटियास विश्वविद्यालय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय उपविजेता रहा। वॉलीबॉल (बालिका वर्ग) में नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी ने जीत हासिल की और SDGI ग्लोबल यूनिवर्सिटी उपविजेता रही। कबड्डी (बालक वर्ग) में जे.सी. बोस यूनिवर्सिटी ने अपनी ताकत और रणनीति का शानदार प्रदर्शन करते हुए विजय प्राप्त की, जबकि SDGI ग्लोबल यूनिवर्सिटी उपविजेता रही। कबड्डी (बालिका वर्ग) में NIET ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और संस्कार एजुकेशनल ग्रुप उपविजेता रहा। इस अवसर पर एचआईएमटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन एचएस. बंसल ने सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि स्प्रीएस्टा केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि प्रतिभा, अनुशासन, टीमवर्क और सांस्कृतिक मूल्यों का उत्सव है। उन्होंने इस आयोजन को विद्यार्थियों के समग्र विकास का एक सशक्त मंच बताते हुए सभी संस्थानों, प्रतिभागियों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया।