-विभिन्‍न सांस्‍कृतिक कार्यक्रमों का हुआ आयोजन
-महिला शक्ति को समर्पित रहा मदर्स डे का आयोजन

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसायटी में शनिवार को मदर्स डे पर भव्‍य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्‍या में लोग शामिल हुए। सभी ने मॉ के प्रति अपने प्‍यार को बयां किया। कार्यक्रम पूरी तरह से महिला शक्ति को समर्पित रहा। कार्यक्रम सम्मान, संगीत, संस्कृति और पारिवारिक प्रेम का अद्भुत केंद्र बन गया, जब शीइंस्पायर फाउंडेशन द्वारा मातृत्व और महिला शक्ति को समर्पित एक भव्य मदर्स डे समारोह का आयोजन किया गया। आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि मां के त्याग, प्रेम, संघर्ष और प्रेरणा को समर्पित ऐसा उत्सव बन गया, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। कार्यक्रम में महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों, उद्यमियों, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और परिवारों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। हर तरफ मां के सम्मान में तालियां गूंज रही थीं और मंच पर भावनाओं का ऐसा संगम दिखाई दिया, जिसने उपस्थित लोगों के दिलों को छू लिया।

तीन पीढ़ी ने किया रैंप वॉक
समारोह में प्रसिद्ध वित्तीय इन्फ्लुएंसर और उद्यमी Neha Nagar मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने अपनी मां से जुड़े संघर्ष, प्रेरणा और जीवन के अनमोल अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि हर सफलता के पीछे मां की दुआ और त्याग छिपा होता है। अगर मां का साथ और विश्वास न हो, तो जीवन अधूरा है। शिक्षाविद सुनीता खटाना ने भी मातृत्व और पारिवारिक मूल्यों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि आज की तेज रफ्तार जिंदगी में परिवार और मां के महत्व को समझना पहले से कहीं ज्यादा जरूरी हो गया है। आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण रहा तीन पीढ़ी और चार पीढ़ी रैंप वॉक। मंच पर जब दादा-दादी, मां और बच्चे एक साथ हाथों में हाथ डालकर उतरे, तो पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा। यह प्रस्तुति केवल फैशन शो नहीं थी, बल्कि परिवार, संस्कार और पीढ़ियों के बीच भावनात्मक रिश्तों की खूबसूरत तस्वीर थी। कई परिवारों ने पारंपरिक और आधुनिक परिधानों में मंच पर अपनी प्रस्तुति दी, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। समारोह में महिला उद्यमियों के लिए विशेष स्टॉल लगाए गए थे, जहां महिलाओं ने अपने हुनर, उत्पाद और स्टार्टअप आइडियाज को प्रदर्शित किया। शीइंस्पायर फाउंडेशन की निदेशक Shreshta Chandra और Dr. Deepshikha Varun ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य महिलाओं और माताओं को ऐसा मंच देना है, जहां वे सम्मानित महसूस करें और आत्मविश्वास के साथ अपने जीवन में आगे बढ़ सकें। इस अवसर पर योग्‍या शर्मा, अशोक चौधरी, गौरव शर्मा, अरुण गोयल, संदीप त्‍यागी, मोनिका गोयल, अर्चना, मिया, श्वेता गुप्ता, प्रीति सहित अन्‍य लोग उपस्थित थे।