-सेक्टर की ग्रीन बेल्ट पर बिल्डर कर रहा था निर्माण
-सेक्टर की आरडब्ल्यूए ने न्यायालय में दायर की थी याचिका
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: डेल्टा एक सेक्टर में कावेरी बिल्डर का प्रोजेक्ट है। सेक्टर की आरडब्ल्यूए ने बिल्डर पर गेट नंबर चार की ग्रीन बेल्ट पर कब्जा करने का आरोप लगाया था। लगातार शिकायत के बाद भी बिल्डर पर कार्रवाई नहीं हो रही थी। मामले में आरडब्ल्यूए ने अधिवक्ता प्रशांत राठी और दीपक कुमार भाटी के माध्यम से जिला न्यायालय गौतमबुद्ध नगर में याचिका दायर की थी। सिविल जज सीनियर डिवीजन ने मामले की सुनवाई के बाद बिल्डर के निर्माण कार्य पर रोक लगा दी है। 28 मई को होने वाली अगली सुनवाई में बिल्डर को पेश होने का आदेश दिया है।
लगातार कर रहे थे शिकायत
सेक्टर के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रमोद भाटी का कहना है कि गेट नंबर 04 पर ग्रीन बेल्ट पर कावेरी बिल्डर द्वारा अतिक्रमण करने के साथ ही पेड़ों को काटा गया था। ग्रीन बेल्ट पर अतिक्रमण से सेक्टर के लोगों को परेशानी हो रही थी। मामले में फैडरेशन के नेतृत्व में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा था। साथ ही बिल्डर की शिकायत जनप्रतिनिधियों से भी की गई थी, लेकिन बिल्डर अपने कृत्य से बाज नहीं आ रहा था। न्यायालय ने मामले में यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया है। न्यायालय के आदेश पर सेक्टर के लोगों ने खुशी जताई है।
