-विधायक के प्रयासों के बाद एयरलाइंस ने घटाए किराए
-किराए में 1500 रुपए तक की आई कमी

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर से 15 जून से हवाई उड़ान शुरू हो रही है। कुछ दिन पूर्व टिकटों की बुकिंग भी शुरू हो गई थी। देखने में आया था कि दिल्‍ली के मुकाबले नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर से किराया बहुत अधिक था। विधायक धीरेंद्र सिंह ने मामले में नाराजगी जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ को पत्र लिखकर किराया कम कराने की मांग की थी। विधायक का प्रयास रंग लाया है। विधायक के हस्तक्षेप एवं जनभावनाओं को देखते हुए इंडिगो एयरलाइंस ने अब जेवर-लखनऊ रूट का किराया लगभग 5,000 रुपए से घटाकर 3,394 कर दिया है। वहीं अकासा एयर ने भी मुंबई और बेंगलुरु सहित अन्य रूट्स पर किराए में 1,500 से 2,000 रुपए तक की कमी की है। किराया कम किए जाने पर विधायक ने खुशी जताई है। उम्मीद की जा रही है कि उद्घाटन दिवस से ही एयरपोर्ट पर यात्रियों की भारी संख्या देखने को मिलेगी।

यात्रियों को लाभ
प्रारंभिक बुकिंग के दौरान जेवर से लखनऊ का किराया दिल्ली (IGI) एयरपोर्ट की तुलना में काफी अधिक रखा गया था, जबकि उत्तर प्रदेश में विमान ईंधन (ATF) पर वैट केवल 1 प्रतिशत ही है। धीरेंद्र सिंह के प्रयास से किराए में कमी कर दी गई है। किराया कम होने पर धीरेंद्र सिंह ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट केवल एक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास का नया द्वार है। यदि यहां से किराया दिल्ली से अधिक रहेगा, तो आम नागरिकों और क्षेत्रीय यात्रियों के लिए इसका उद्देश्य अधूरा रह जाएगा। हमने इस विषय को सरकार और एयरलाइंस के समक्ष मजबूती से रखा और खुशी है कि जनहित को प्राथमिकता देते हुए किरायों में कमी की गई है। हमारा प्रयास रहेगा कि जेवर एयरपोर्ट देश का सबसे सुलभ, आधुनिक और जनहितैषी एयरपोर्ट बने। उन्‍होने बताया कि लखनऊ रूट पर किराए में लगभग 1,587 तक की कमी हुई है। जेवर और दिल्ली एयरपोर्ट के किरायों में अंतर हुआ न्यूनतम हुआ है। साथ ही एयरपोर्ट पर ऑफलाइन टिकट काउंटर सुविधा भी प्रारम्भ कर दी गई है। किरायों में यह कमी जेवर एयरपोर्ट को उत्तर भारत के सबसे लोकप्रिय और व्यवहारिक एयर ट्रैवल हब के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे नोएडा, ग्रेटर नोएडा, बुलंदशहर, अलीगढ़, आगरा एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।