द न्यूज गली, नोएडा : थाना बिसरख पुलिस और साइबर सेल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के तहत सब्सिडी लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 18 की-पैड मोबाइल फोन, छह स्मार्टफोन और 15 कॉलिंग डाटा रजिस्टर बरामद किए हैं।

पुलिस ने बताया कि 13 मई को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को कृष्णा काउंटी टॉवर ए, सेक्टर-1 की छत से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धर्मराज राठौर, रवि कुमार, किशन राठौर, अक्षय, किरण नायर और किरण बाबू राठौर के रूप में हुई है। सभी आरोपी कर्नाटक के बीजापुर और विजयपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं।

सब्सिडी वाला होम लोन दिलाने का देते थे झांसा
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे इंस्टाग्राम, फेसबुक समेत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आधार और पैन कार्ड से जुड़े विज्ञापन चलाते थे। विज्ञापन पर क्लिक करने वाले लोगों से संपर्क कर खुद को लोन अधिकारी बताते थे और PMEGP योजना के तहत सब्सिडी वाला होम लोन दिलाने का झांसा देते थे।
इसके बाद फाइल चार्ज, प्रोसेसिंग फीस और अन्य शुल्क के नाम पर पीड़ितों से दो से चार लाख रुपये तक अलग-अलग बैंक खातों में जमा कराए जाते थे। पुलिस के मुताबिक गिरोह ने इस तरीके से कई लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी की है।

बार-बार बदल देते थे मोबाइल और सिम
आरोपी पहचान छिपाने के लिए की-पैड मोबाइल फोन और बार-बार बदले गए सिम कार्ड का इस्तेमाल करते थे। गिरोह का संचालन एक कथित “बॉस” के निर्देश पर किया जा रहा था, जिससे आरोपी मोबाइल फोन के जरिए संपर्क में रहते थे।