द न्यूज गली, लखनऊ : उत्तर प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में योगी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अलीगढ़ मंडल को जल्द ही ओलंपिक मानकों वाला अत्याधुनिक इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स मिलने जा रहा है। करीब 57 करोड़ रुपये की लागत से 13 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में तैयार यह विश्वस्तरीय परिसर अब पूरी तरह बनकर तैयार है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जल्द ही इसका लोकार्पण करेंगे।

यह कॉम्प्लेक्स केवल अलीगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए नई संभावनाओं और अवसरों का केंद्र बनने जा रहा है। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा के अनुसार यह मंडल का पहला ऐसा इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स है, जहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप खेल सुविधाएं विकसित की गई हैं।

उन्होंने बताया कि सरकार का उद्देश्य सिर्फ स्टेडियम बनाना नहीं, बल्कि गांवों, कस्बों और छोटे शहरों की प्रतिभाओं को ऐसा मंच देना है, जहां से वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकें।

आधुनिक स्विमिंग पूल की होगी सुविधा
कॉम्प्लेक्स की सबसे बड़ी विशेषता इसका आधुनिक स्विमिंग पूल है, जिसे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इससे अब अलीगढ़ मंडल के तैराकों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इसके अलावा परिसर में आधुनिक मल्टीपर्पज हॉल, अंतरराष्ट्रीय मानकों के बैडमिंटन और बास्केटबॉल कोर्ट, बिलियर्ड्स रूम और हाईटेक जिम जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। खिलाड़ियों के पेशेवर प्रशिक्षण और फिटनेस को ध्यान में रखते हुए परिसर को आधुनिक तकनीकों से लैस किया गया है।

खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों का रखा गया ध्यान
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को बड़े खेल आयोजनों के अनुरूप विकसित किया गया है। दर्शकों के लिए अत्याधुनिक स्पेक्टेटर गैलरी बनाई गई है, जहां बड़ी संख्या में लोग बैठकर प्रतियोगिताओं का आनंद ले सकेंगे। इसके अलावा वीआईपी रूम, मीडिया रूम और आधुनिक लाउंज की भी व्यवस्था की गई है, जिससे राष्ट्रीय स्तर के आयोजन आसानी से कराए जा सकेंगे। माना जा रहा है कि आने वाले समय में अलीगढ़ बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी भी कर सकेगा।

छोटे शहरों की प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि अब अलीगढ़ और आसपास के जिलों के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के लिए दिल्ली, नोएडा या लखनऊ नहीं जाना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर ही विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलने से आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सबसे अधिक लाभ होगा। उन्होंने कहा कि नियमित प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के आयोजन से आने वाले समय में अलीगढ़ उत्तर प्रदेश के प्रमुख स्पोर्ट्स सेंटर के रूप में उभर सकता है।

‘खेलेगा यूपी, खिलेगा यूपी’ विजन को मजबूती
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को लगातार मजबूत किया जा रहा है। गांवों में मिनी स्टेडियम, जिलों में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं के निर्माण के जरिए सरकार युवाओं को खेलों से जोड़ने की रणनीति पर काम कर रही है। अलीगढ़ का यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स इसी विजन का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

खेल प्रेमियों में उत्साह
कॉम्प्लेक्स तैयार होने से स्थानीय खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है। लोगों का मानना है कि यह परियोजना अलीगढ़ के लिए गेम चेंजर साबित होगी। अब तक ताला उद्योग और शैक्षणिक संस्थानों के लिए पहचान रखने वाला अलीगढ़ आने वाले समय में खेल प्रतिभाओं के केंद्र के रूप में भी अपनी नई पहचान बना सकता है।