द न्यूज गकी, नोएडा : थाना फेस-1 क्षेत्र में एक ही परिवार पर धारदार हथियार से हमला कर महिला की हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त छुरा, तमंचा और चोरी की स्कूटी बरामद हुई है।

पुलिस के अनुसार, 23 और 24 मई की रात हरौला क्षेत्र में रहने वाले सुरेंद्र शर्मा, उनकी पत्नी संजू देवी और दो बेटियों पर सोते समय धारदार हथियार से हमला किया गया था। घटना में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान संजू देवी की मौत हो गई थी। मामले में थाना फेस-1 पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी। आरोपी की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

रविवार को थाना फेस-1 पुलिस की सेक्टर-14 स्थित गंदे नाले की पटरी पर आरोपी से मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने बताया कि आरोपी हरनाम सिंह पुत्र माखन लाल निवासी ग्राम मगरासा, थाना भूता, बरेली हाल निवासी हरौला, थाना फेस-1 को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी घायल हो गया।

पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त छुरा, एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस (.315 बोर) और चोरी की स्कूटी बरामद की है।

आरोपी के खिलाफ थाना फेस-1 में हत्या और हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा आबकारी एक्ट और एक अन्य ई-एफआईआर भी दर्ज है।