-अकादमिक एवं कॉर्पोरेट एडवाइजरी बोर्ड की हुई बैठक
-संस्‍थान के समग्र विकास पर हुआ गहन मंथन

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नॉलेज पार्क स्थित आई बिज़नेस इंस्टीट्यूट में अकादमिक एडवाइजरी बोर्ड (Academic Advisory Board) एवं कॉर्पोरेट एडवाइजरी बोर्ड (Corporate Advisory Board) की संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में शिक्षा जगत एवं कॉर्पोरेट क्षेत्र के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों, उद्योग जगत के वरिष्ठ अधिकारियों तथा संस्थान के नेतृत्व ने सहभागिता कर संस्थान के समग्र विकास, शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं उद्योग-अकादमिक सहयोग को सुदृढ़ बनाने पर विस्तृत विचार-विमर्श किया। बैठक का उद्देश्य संस्थान की वर्तमान प्रगति की समीक्षा करना तथा भविष्य की रणनीतियों पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्राप्त करना था। इस दौरान पाठ्यक्रम नवाचार, उद्योग-उन्मुख शिक्षण, कौशल विकास, शोध एवं नवाचार, छात्र विकास, इंटर्नशिप एवं प्लेसमेंट, अंतरराष्ट्रीय सहयोग, डिजिटल शिक्षण तथा संस्थान की दीर्घकालिक विकास योजनाओं पर गहन चर्चा की गई।

विशेषज्ञों ने दिए सुझाव
बैठक में प्रतिष्ठित सलाहकारों ने बदलते वैश्विक एवं कॉर्पोरेट परिदृश्य के अनुरूप विद्यार्थियों को भविष्य के लिए तैयार करने, उद्योग की अपेक्षाओं के अनुरूप पाठ्यक्रमों को निरंतर अद्यतन रखने तथा अनुसंधान एवं नवाचार संस्कृति को प्रोत्साहित करने पर विशेष बल दिया। साथ ही विद्यार्थियों की रोजगार क्षमता बढ़ाने, नेतृत्व कौशल विकसित करने तथा उद्योग-शिक्षा के मध्य मजबूत सेतु निर्माण के लिए अनेक महत्वपूर्ण सुझाव प्रदान किए।संस्थान के प्रबंधन एवं नेतृत्व टीम ने सलाहकारों के समक्ष संस्थान की विकास यात्रा, प्रमुख उपलब्धियों, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोगों, शैक्षणिक नवाचारों, प्लेसमेंट उपलब्धियों तथा भविष्य की विकास योजनाओं का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। संस्थान के प्रबंधन ने सभी अकादमिक एवं कॉर्पोरेट सलाहकारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके अमूल्य सुझाव संस्थान को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने तथा गुणवत्तापूर्ण प्रबंधन शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।