द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : बाइक ट्रांसपोर्ट के दौरान हुई धोखाधड़ी के मामले में साइबर सेल ग्रेटर नोएडा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित को उसकी मोटरसाइकिल वापस दिला दी। मामले के निस्तारण के बाद पीड़ित ने पुलिस अधिकारियों का आभार जताया।

पुलिस ने बताया कि बाइक ट्रांसपोर्ट फ्रॉड की शिकायत मिलने पर साइबर सेल ने तत्काल तकनीकी और वैधानिक कार्रवाई शुरू की। संबंधित पक्षों से समन्वय स्थापित कर प्रभावी प्रयास किए गए, जिसके परिणामस्वरूप पीड़ित की मोटरसाइकिल सकुशल बरामद कर उसे सुपुर्द कर दी गई।

पुलिस ने लोगों से की अपील
मामले के सफल निस्तारण के बाद पीड़ित ने पुलिस उपायुक्त रवि शंकर निम से मुलाकात कर कमिश्नरेट पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन खरीद-फरोख्त, ट्रांसपोर्ट बुकिंग या अन्य ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग केवल सत्यापित और विश्वसनीय प्लेटफॉर्म के माध्यम से करें। साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं और निकटतम साइबर थाना या साइबर सेल से संपर्क करें।