द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: लॉयड कॉलेज में अत्याधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित “एडवांस्ड एनालिटिकल टेक्नीक्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन” समर ट्रेनिंग प्रोग्राम में विभिन्न राज्यों के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को एक साझा मंच प्रदान किया। जहाँ उन्होंने उद्योगोन्मुख तकनीकों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया। लॉयड ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस (फार्मेसी), ग्रेटर नोएडा द्वारा आयोजित पाँच दिवसीय समर ट्रेनिंग प्रोग्राम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा एवं उत्तराखंड सहित पाँच राज्यों के 25 से अधिक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों से 84 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को आधुनिक औषधीय विश्लेषण (एडवांस्ड फार्मास्युटिकल एनालिटिकल टेक्नीक्स) की नवीनतम तकनीकों तथा अत्याधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों के संचालन एवं अनुप्रयोगों का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना था। पाँच दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों द्वारा जीसी-एमएस, आरटी-पीसीआर, एचपीएलसी, एफटीआईआर, यूवी-विज़िबल स्पेक्ट्रोफोटोमीटर, मालवर्न ज़ीटा साइज़र, प्रोब सोनिकेटर, डिसॉल्यूशन एपरैटस एवं इन-सिलिको स्टडीज़ जैसी उन्नत विश्लेषणात्मक तकनीकों पर व्याख्यान दिए गए। साथ ही प्रतिभागियों को इन सभी उपकरणों पर हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिससे उन्होंने उपकरणों के संचालन, नमूनों के विश्लेषण, डेटा विश्लेषण तथा अनुसंधान एवं औद्योगिक अनुप्रयोगों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया।

व्यावहारिक ज्ञान जरूरी
इस अवसर पर प्रो. वंदना अरोड़ा सेठी, चीफ स्ट्रेटेजी ऑफिसर एवं हेड ऑफ ग्रोथ, लॉयड ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस ने कहा कि वर्तमान समय में फार्मास्यूटिकल उद्योग तीव्र गति से आधुनिक तकनीकों को अपना रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए अत्याधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों एवं विश्लेषणात्मक तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रतिभागियों की तकनीकी दक्षता, अनुसंधान क्षमता एवं नवाचार की सोच को विकसित करने के साथ-साथ उन्हें उद्योग की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता पर सभी विशेषज्ञ वक्ताओं, प्रतिभागियों एवं आयोजन समिति को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के उद्योग एवं शोधोन्मुख प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के कौशल विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते रहेंगे। आयोजित ज्ञानवर्धक क्विज प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार टीशा वार्ष्णेय (लॉयड इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी), द्वितीय पुरस्कार हर्ष श्रीवास्तव (के.आर. मंगलम यूनिवर्सिटी) तथा तृतीय पुरस्कार आदित्य सिन्हा (लॉयड इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी) ने प्राप्त किया। विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।