द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : नॉलेज पार्क-2 स्थित कलाधाम सोसाइटी में गड्ढे में डूबने से बच्चे की मौत के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान शुरू कर दिया है। सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर सभी वर्क सर्किलों की टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में हादसा संभावित स्थानों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित बनाने में जुट गई हैं।

SM के खिलाफ होगी कड़ी कार्यवाही
सीईओ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सड़क या उसके आसपास मौजूद गड्ढों को तत्काल भरने, ढकने अथवा बैरिकेडिंग कर सुरक्षित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि लापरवाही के कारण किसी भी क्षेत्र में हादसा होने पर संबंधित वर्क सर्किल की टीम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

परियोजना और जल-सीवर विभाग की टीमें वरिष्ठ प्रबंधकों के नेतृत्व में फील्ड में निरीक्षण कर रही हैं। अब तक 100 से अधिक स्थानों की पहचान कर वहां सुरक्षा के इंतजाम किए जा चुके हैं। खुले मेनहोल ढके जा रहे हैं, गहरे गड्ढों की बैरिकेडिंग की गई है, खुले ड्रेन को कवर किया जा रहा है और सड़क किनारे नालों को सुरक्षित बनाया जा रहा है। साथ ही सड़कों पर बने गड्ढों की मरम्मत भी कराई जा रही है।

क्या बोले एसीईओ
एसीईओ सुमित यादव ने बताया कि सभी संभावित दुर्घटना स्थलों को पूरी तरह सुरक्षित बनाए जाने तक अभियान जारी रहेगा। उन्होंने सभी वर्क सर्किलों को अपने-अपने क्षेत्रों में जोखिम वाले स्थानों की पहचान कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।