द न्यूज गली, नोएडा : सेक्टर-63 थाना क्षेत्र में इमरजेंसी कॉल पर जा रही यूपी-112 की पीआरवी गाड़ी रास्ते में हादसे का शिकार हो गई। बहलोलपुर/बेहरामपुर के पास हुए हादसे में पीआरवी चला रहे पायलट कपिल तोमर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि सेक्टर-63 थाना क्षेत्र की पीआरवी संख्या 9619 को इलाके से इमरजेंसी कॉल मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके के लिए रवाना हुए। इसी दौरान बहलोलपुर के पास पीआरवी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

हादसे के बाद मौके पर लोगों और पुलिसकर्मियों की भीड़ जुट गई। घायल पायलट कपिल तोमर को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

ड्यूटी के दौरान हुए इस हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के संबंध में पुलिस की ओर से आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।