-औद्योगिक क्षेत्र की विभिन्‍न समस्‍याओं के बारे में दी जानकारी
-डीएम ने यूपीसीडा के साथ साप्ताहिक बैठक की कही बात

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन
(IBA), गौतम बुद्ध नगर के प्रतिनिधिमंडल ने डीएम मेधा रूपम के महत्वपूर्ण एवं सकारात्मक बैठक की। उद्यमियों ने डीएम को औद्योगिक क्षेत्रों की विभिन्न समस्याओं एवं उनके स्थायी समाधान पर विस्तार से चर्चा की। विशेष रूप से यूपीसीडा साइड-5 एवं साइड-बी व सी में लंबे समय से चली आ रही जलभराव, ड्रेनेज एवं सफाई व्यवस्था की समस्या को प्रमुखता से रखा गया। डीएम ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही आश्वासन दिया कि जब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो जाता, तब तक यूपीसीडा के साथ साप्ताहिक बैठक कर प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी।

मॉडल पर की चर्चा
बैठक में IBA ने डीएम के साथ उद्योग केंद्र-2, ईकोटेक-3 को विश्वस्तरीय मॉडल गेटेड आदर्श औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने पर चर्चा की। डीएम ने उद्यमियों के प्रस्‍ताव को सराहा। प्रस्ताव को सकारात्मक बताते हुए शीघ्र एक संयुक्त समिति गठित करने का आश्वासन दिया। जिसमें जिला प्रशासन, संबंधित प्राधिकरण एवं IBA के प्रतिनिधि शामिल होंगे। समिति के माध्यम से विकास कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाती रहेगी। यह मॉडल सफल होने के पश्चात जनपद के अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में भी चरणबद्ध रूप से लागू किए जाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी। बैठक के दौरान IBA प्रतिनिधिमंडल ने शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम को आमजन के लिए खोले जाने तथा खिलाड़ियों को अत्यंत नाममात्र वार्षिक शुल्क पर खेल अभ्यास की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए डीएम का आभार व्यक्त किया तथा स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि डीएम के सकारात्मक दृष्टिकोण, त्वरित निर्णय लेने की कार्यशैली एवं उद्योग हितैषी सोच से जनपद के उद्यमियों में विश्वास और नई उम्मीद पैदा हुई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और उद्योग जगत के बीच इसी प्रकार का निरंतर संवाद एवं समन्वय गौतम बुद्ध नगर को देश के अग्रणी एवं आदर्श औद्योगिक जिलों में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस अवसर पर सुनील दत्त शर्मा, राकेश अग्रवाल, नरेश चौहान, राजेश खन्ना,हर्ष तोमर, चंचल कुमार उपस्थित थे।