द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : बिसरख थाना पुलिस ने नकली सोना दिखाकर लोगों से रुपये ऐंठने और पैसों का लालच देकर उनकी ज्वैलरी लेकर फरार होने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के चार पुरुषों और एक महिला समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से करीब 8.5 किलो पीली धातु, तीन लाख रुपये नकद, 16 मोबाइल फोन, नौ बैटरी और एक अवैध चाकू बरामद हुआ है।
महिला को जाल में फंसाया था
पुलिस ने बताया कि 10 जुलाई को फ्यूजन होम्स सोसाइटी की मार्केट में एक महिला को दो लोगों ने अपने जाल में फंसा लिया था। आरोपियों में से एक ने बताया कि उसके मालिक ने उसे नौकरी से निकाल दिया है और वह घर से रुपये लेकर आया है। इसके बाद दूसरे आरोपी ने महिला को झांसे में लेते हुए कहा कि वे दोनों उसके पैसे आपस में बांट सकते हैं। उसने अपनी सोने की अंगूठी देने की बात कही और महिला से भी ज्वैलरी देने को कहा। महिला ने अपनी गले की चेन और कान के कुंडल आरोपियों को दे दिए। इसके बाद दोनों आरोपी उसे गुमराह कर मौके से फरार हो गए।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय खुफिया तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की। 14 अगस्त को पुलिस ने नेफोवा छठ घाट की ग्रीन बेल्ट से किशोर राय, विशाल राय, संजू राय, सेवा राम राय और मीना को गिरफ्तार कर लिया।
कागज की गड्डी थमा देते थे
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नकली सोना दिखाकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। इसके अलावा कागज की गड्डियों के ऊपर और नीचे असली नोट लगाकर लोगों को रुपये का लालच दिया जाता था। इसके बाद सोने के बदले लोगों से पैसे या उनकी ज्वैलरी ले ली जाती थी।
गिरफ्तार आरोपियों में किशोर राय (42), विशाल राय (21), संजू राय (30), सेवा राम राय (60) और मीना (56) शामिल हैं। सभी मूल रूप से फिरोजाबाद के जैन नगर के रहने वाले बताए गए हैं और वर्तमान में शाहबेरी क्षेत्र में रह रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीली धातु के दो मोतियों के गुच्छे, जिनका वजन 5 किलो 224 ग्राम है, तथा पीली धातु के सिक्के, जिनका वजन 3 किलो 338 ग्राम है, बरामद किए हैं। इसके अलावा तीन लाख रुपये नकद, विभिन्न कंपनियों के 10 कीपैड मोबाइल, नौ मोबाइल बैटरियां, छह स्मार्टफोन और संजू के पास से एक अवैध चाकू मिला है।
