-विभिन्‍न विभाग के अधिकारियों ने सोसायटी में की थी बैठक
-जल्‍द ही अन्‍य सोसायटी में फीडिंग प्‍वाइंट बनाने के लिए होगी बैठक

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: सोसायटी व सेक्‍टर में डॉग फीडिंग प्‍वाइंट को लेकर अक्‍सर विवाद होता रहता है। न्‍यायालय के द्वारा दिए गए आदेश के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के द्वारा सोसायटी व सेक्‍टरों में डॉग फीडिंग प्‍वाइंट बनाने को लेकर बैठक की जा रही है। लोगों की आपसी सहमति के बाद चयनित स्‍थान पर डॉग फीडिंग प्‍वाइंट बनाया जा रहा है। शुक्रवार को बैठक के बाद एडब्ल्यूएचओ व गोदरेज गोल्फ लिंक सोसाइटी में आपसी सहमति के बाद डॉग फीडिंग प्‍वाइंट बनाया गया। प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि जल्‍द ही अन्‍य सेक्‍टर व सोसायटी में बैठक कर डॉग फीडिंग प्‍वाइंट चयनित किया जाएगा।

जारी किया है शिड्यूल
प्राधिकरण के महाप्रबंधक आरके भारती की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, थानाध्यक्ष, जिला पशु क्रूरता निवारण समिति, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के पशु चिकित्सक, एचसीएल फाउंडेशन, अपार्टमेंट ओनर एसोसिएशन या एस्टेट मैनेजर और डॉग फीडर भी शामिल होते हैं। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर आयोजित बैठक में सभी पक्षों से चर्चा कर आपसी सहमति से डॉग फीडिंग प्वाइंट तय करने जोर दिया जाता है। साथ ही एनिमल बर्थ कंट्रोल रूल से भी जागरूक किया जाता है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की तरफ से 31 दिसंबर तक 24 सोसाइटियों का तिथिवार शेड्यूल जारी कर दिया गया है। महाप्रबंधक आरके भारती और वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार की मौजूदगी में शुक्रवार को बैठक में एडब्ल्यूएचओ व गोदरेज गोल्फ लिंक सोसाइटी में डॉग फीडिंग पॉइंट बनाने पर सहमति बनी है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने उम्मीद जताई कि इस बैठक के जरिए सभी सोसाइटी में डॉग फीडिंग पॉइंट निर्धारित करने और आपसी विवादों को सुलझाने में भी मदद मिलेगी।