-औद्योगिक क्षेत्र इकोटेक-3 से घंटा चौक, सूरजपुर तक निकाली यात्रा
-यात्रा में राष्ट्रप्रेम की नई ऊर्जा का हुआ संचार

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतम बुद्ध नगर द्वारा भव्‍य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। विशाल तिरंगा यात्रा जेके इंडस्ट्रीज़, प्लॉट संख्या-376, उद्योग केंद्र-2, इकोटेक-3 से प्रारंभ होकर पूरे औद्योगिक क्षेत्र इकोटेक-3 का भ्रमण करते हुए घंटा चौक, सूरजपुर तक निकाली गई। यात्रा में 300 से अधिक उद्यमी, उद्योगों में कार्यरत कर्मचारी, श्रमिक, स्टाफ एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन के उत्कृष्ट सहयोग एवं अनुशासित व्यवस्था के कारण पूरी यात्रा अत्यंत शांतिपूर्ण, गरिमामयी एवं सफल रही। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी, गौतम बुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने राष्ट्रध्वज दिखाकर किया। यात्रा के दौरान पूरा वातावरण भारत माता की जय, वंदे मातरम, जय हिंद और वीर शहीद अमर रहें के उद्घोषों से गूंज उठा। देशभक्ति के गीतों एवं राष्ट्रीय भावनाओं से ओतप्रोत इस यात्रा ने प्रत्येक सहभागी के मन में राष्ट्रप्रेम की नई ऊर्जा का संचार किया।

शहीदों को नमन
यात्रा के दौरान देश की आज़ादी के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया तथा यह संदेश दिया कि भारत की संस्कृति वसुधैव कुटुम्बकम आज भी पूरे विश्व को एक परिवार मानने का संदेश देती है। इस अवसर पर IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की आस्था, आत्मसम्मान, बलिदान और गौरव का प्रतीक है। जब भी देश की एकता, अखंडता और सम्मान पर कोई चुनौती आती है, तब पूरा भारत एकजुट होकर उसके सामने चट्टान की तरह खड़ा हो जाता है। भारत न कभी झुका था, न झुका है और न कभी झुकेगा; भारत न कभी टूटा था, न टूटा है और न कभी टूटेगा। अभिषेक शर्मा ने कहा कि तिरंगा हमारी राष्ट्रीय अस्मिता, स्वाभिमान और अमर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है। उद्योग जगत द्वारा निकाली गई यह भव्य तिरंगा यात्रा इस बात का प्रमाण है कि देश का उद्यमी वर्ग केवल आर्थिक विकास ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय एकता का भी सशक्त प्रहरी है। इस अवसर पर नरेश चौहान, सुनील दत्त शर्मा, राकेश अग्रवाल, राजेश खन्ना, डॉ. खुशबू सिंह, हर्ष तोमर, संजय पांचाल, ललित सिंघल सहित अन्‍य लोग मौजूद थे।