द न्यूज गली, नोएडा : सेक्टर-20 थाना पुलिस ने चोरी की एक बड़ी घटना का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.48 करोड़ रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल ऑरा कार बरामद की है। आरोपियों को मंगलवार को रजनीगंधा चौराहे से फिल्म सिटी की ओर जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से मामले का खुलासा किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अवनीश कुमार, पवन उर्फ शिवम उर्फ कांचा, जितेंद्र कुमार, सुमित कुमार, अनिल कुमार और नीशू चौहान के रूप में हुई है।

गैराज से बनाई थी चोरी की योजना
डीसीपी साद मियां ने बताया कि मुख्य आरोपी अवनीश कुमार अपने तीन साथियों आशीष, आदर्श और भरत के साथ सीए फर्म चलाता है। आरोपी निवेश के नाम पर लोगों से रुपये लेकर काम करते थे। अवनीश को निवेश की गई रकम वापस नहीं मिल रही थी। पुलिस का कहना है कि बरामद रकम आशीष ने निवेशक उपलब्ध कराने के नाम पर वादी से ली थी।आरोप है कि इसी रकम को हासिल करने के लिए अवनीश ने अपने पांच अन्य साथियों और रिश्तेदारों के साथ मिलकर सेक्टर-25 स्थित आशीष की गैराज में चोरी की योजना बनाई। इसके बाद रकम चोरी कर ली गई।

छह आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपियों में अवनीश कुमार (33) अलीगढ़ का रहने वाला है और बीएससी पास है। पवन उर्फ शिवम उर्फ कांचा (28) मथुरा का रहने वाला है और दिल्ली-एनसीआर व मथुरा में ओला-उबर टैक्सी चलाता है। जितेंद्र कुमार (24) हाथरस का निवासी है और शराब की दुकान पर सेल्समैन है।सुमित कुमार (22) एटा का रहने वाला है और वर्तमान में गौतमबुद्धनगर में रहकर निजी नौकरी करता है। अनिल कुमार (22) अलीगढ़ का रहने वाला है और शराब की दुकान पर सेल्समैन है। नीशू चौहान (29) अलीगढ़ का निवासी है और खेती करता है।

पवन पर पहले से नौ मुकदमे
पुलिस के अनुसार, आरोपी पवन के खिलाफ मथुरा में आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, चोरी से संबंधित धाराओं समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2015 से 2025 तक कुल नौ मुकदमों का आपराधिक इतिहास सामने आया है।वहीं अनिल के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम और धोखाधड़ी समेत कई मामले दर्ज हैं। जितेंद्र के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।