-विभाग की टीम ने जिले में चलाया जांच अभियान
-विभिन्न दुकानों से एकत्र किए 8 नमूने
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: लोगों की सेहत से खिलवाड़ करते हुए जिले की दुकानों पर मिलावटी पनीर की बिक्री हो रही है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दो दिन पूर्व 350 किलो पनीर नष्ट कराया था, टीम ने अब लगभग 300 किलो पनीर नष्ट कराया है। ऐसे में बड़ा सवाल उठता है त्योहारों के वक्त ही खाद्य विभाग की टीम क्यों हरकत में आती है। मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री को देखते हुए विभाग को चाहिए की लगातार अभियान चलाया जाए। सोमवार को चलाए गए अभियान में टीम ने जिले में विभिन्न दुकानों से खाद्य पदार्थों के 8 नमूने एकत्र किए। जांच के लिए सभी नमूने को लैब भेजा गया है।

यहां से एकत्र किए नमूने
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि लोगों को शुद्ध व गुणवत्ता युक्त दूध एवं दूध उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित कराए जाने हेतु 22 अगस्त 2026 रात्रि में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल गुप्ता द्वारा डीएनडी फ्लाई ओवर के पास जांच की गई। टीम ने किलोखरी बुलंदशहर से गजेंद्र द्वारा दिल्ली सप्लाई हेतु जा रहे पनीर से पनीर का 01 नमूना लिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज की टीम द्वारा सेक्टर-88 नोएडा मंडी स्थित कासिम पनीर भंडार से पनीर का 01 नमूना लिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार, विजय बहादुर पटेल एवं रविंद्र नाथ वर्मा की टीम द्वारा तुगलपुर ग्रेटर नोएडा स्थित आशिफ की डेयरी से 01 पनीर तथा 01दही का नमूना लिया गया। नॉलेज पार्क 2 स्थित इशिका डेरी जिससे तुगलपुर ग्रेटर नोएडा आशिफ डेरी को पनीर भेजा गया था, उसके भी पनीर का 01 नमूना लिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह द्वारा यथार्थ हॉस्पिटल ग्रेटर नोएडा के पास स्थित बीकानेर स्वीट से बूंदी के लड्डू एवं खोया का 01-01 नमूना लिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल गुप्ता एवं रितु सक्सेना की टीम द्वारा गढ़ी चौखंडी नोएडा स्थित शौकीन डेरी पर लगभग 300 किग्रा पनीर, जो कि मेवात हरियाणा द्वारा सप्लाई किया गया था बरामद किया तथा 01 नमूना लेने के बाद शेष पनीर को नष्ट कर दिया गया। कुल 08 नमूना लेकर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा गया। वहां से आने वाली रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
