द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, नॉलेज पार्क ग्रेटर नोएडा में जन्माष्टमी का पर्व उत्साह एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। नर्सरी, प्रेप एवं जूनियर कक्षाओं के नन्हे-मुन्ने बच्चे राधा-कृष्ण के रूप में बेहद मनमोहक लग रहे थे, जिससे समारोह की शोभा और बढ़ गई। कार्यक्रम में स्कूल की निदेशिका कंचन कुमारी एवं प्रधानाचार्या डॉ. हीमा शर्मा उपस्थित थीं। हवन-पूजन के पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मधुर भजनों, भक्तिमय गीतों एवं मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं शिक्षाओं को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया गया। बहुप्रतीक्षित मटकी फोड़ गतिविधि ने समारोह में उत्साह और उमंग का संचार कर दिया।समारोह का समापन प्रेम, करुणा तथा बुराई पर अच्छाई की विजय के संदेश के साथ हुआ। इस अवसर ने सभी के मन में भक्ति, आनंद एवं सांस्कृतिक चेतना की सुंदर छाप छोड़ी।



