द न्यूज गली, नोएडा : थाना फेज-2 पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 11 मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा, एक कारतूस और एक चाकू बरामद किया है। बरामद मोटरसाइकिलों में दो बाइक दिल्ली के गाजीपुर ईस्ट और अमर कॉलोनी थाना क्षेत्र से चोरी की गई थीं।पुलिस ने बताया कि 9 सितंबर को थाना फेज-2 पुलिस ने सेक्टर-88 स्थित ट्रांसपोर्ट नगर तिराहा कट के पास से कृष्ण उर्फ लेफ्टी निवासी अलीगढ़ और मोहित निवासी चित्रकूट को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी वर्तमान में गौतमबुद्धनगर में रह रहे थे। आरोपियों की उम्र 29 और 28 वर्ष है।
कॉलोनी और बाजारों से करते थे बाइक चोरी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में कॉलोनियों, कंपनियों, साप्ताहिक बाजारों और दुकानों के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। चोरी किए गए वाहनों का इस्तेमाल लूट समेत अन्य वारदातों में किया जाता था। इसके बाद वाहनों को बेचकर आर्थिक लाभ कमाते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास अवैध हथियार भी रहते थे, जिनका इस्तेमाल लोगों को डराने-धमकाने के लिए करते थे।
कृष्ण पर पहले से 10 मुकदमे
पुलिस के मुताबिक कृष्ण उर्फ लेफ्टी के खिलाफ चोरी का माल खरीदने-बेचने, आर्म्स एक्ट, लूट, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट समेत 10 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मोहित के खिलाफ आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट समेत सात मुकदमे दर्ज हैं। दोनों के खिलाफ दिल्ली में भी वाहन चोरी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद 11 मोटरसाइकिलों में हीरो स्प्लेंडर, स्प्लेंडर प्लस, बजाज प्लेटिना, पैशन प्रो और एचएफ डीलक्स शामिल हैं। इसके अलावा .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक चाकू बरामद किया गया है।
