द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : बिसरख पुलिस ने आम लोगों को नकली सोना दिखाकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो पुरुषों और एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ठगी के मामले से संबंधित 1.20 लाख रुपये नकद और पीली धातु की चैन वाली झालर बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपियों की दो-दो लाख रुपये की दो एफडी भी फ्रीज कराई हैं।
पुलिस के मुताबिक, बिसरख थाने में एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि दो अज्ञात पुरुष और एक महिला ने उसके पिता को नकली सोने के आभूषणों से भरा बैग देकर टप्पेबाजी की और लाखों रुपये की ठगी कर ली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद 12 सितंबर को पुलिस ने चार मूर्ति से एटीएस गोलचक्कर की ओर जाने वाले रास्ते से मनी, मोहन और धर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान पुलिस ने 1.20 लाख रुपये नकद बरामद किए।
पहले भरोसा, फिर लालच देकर ठगी
आरोपी खुद को मजदूर या लेवर बताते थे। वे लोगों को बताते थे कि उन्हें खुदाई के दौरान सोना-चांदी मिला है और वे इसे बेचना चाहते हैं। बातचीत के जरिए पहले लोगों का भरोसा जीता जाता था। एक-दो दिन बाद आरोपियों द्वारा नकली सोने-चांदी के सामान को दिखाकर उसे बेहद कम कीमत में बेचने की पेशकश की जाती थी। सस्ते में सोना मिलने के लालच में आने वाले लोगों को आरोपी अपना शिकार बना लेते थे और ठगी करने के बाद फरार हो जाते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनी (40) पत्नी शंकर, मोहन (43) पुत्र दुर्गा प्रसाद और धर्मा (45) पुत्र राजा राम के रूप में हुई है। तीनों मूल रूप से दिल्ली के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं और वर्तमान में बिसरख क्षेत्र के पुराना हैबतपुर में रह रहे थे।
