द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : जेवर थाना पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे दो आरोपितों को मंगलवार देर रात पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। झांझर रोड स्थित पावर हाउस के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने दोनों को रोकने का प्रयास किया तो आरोपित भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो उन्होंने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपितों के पैर में गोली लगी। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस के मुताबिक, आरोपितों की पहचान जहांगीरपुर निवासी शेरू उर्फ शेर मुहम्मद और बुलंदशहर के पहासू निवासी मौसीम के रूप में हुई है। इनके कब्जे से दो अवैध .32 बोर पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।

इमरान की हत्या के बाद से चल रहे थे फरार
पुलिस के अनुसार, सात अक्टूबर की रात वादी के भाई इमरान (36) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में आठ अक्टूबर को वादी की शिकायत पर जेवर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। वारदात में शेरू और मौसीम अपने अन्य साथियों के साथ शामिल थे। दोनों तभी से फरार चल रहे थे। पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी।

शेरू पर तीन और मौसीम पर दो मुकदमे

पुलिस के मुताबिक, शेरू उर्फ शेर मुहम्मद पर हत्या के मामले के अलावा जानलेवा हमले और आर्म्स एक्ट से संबंधित मुकदमा तथा वर्ष 2020 में हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में एक मुकदमा दर्ज है। वहीं मौसीम पर हत्या के मामले के अलावा जानलेवा हमले और आर्म्स एक्ट से संबंधित मुकदमा दर्ज है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।