द न्यूज गली, नोएडा : सेक्टर-63 स्थित एक गारमेंट फैक्ट्री की चौथी मंजिल पर शुक्रवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म, वाटर टावर समेत आठ दमकल गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। हादसे में किसी के फंसे होने या जनहानि की सूचना नहीं है। घटना थाना सेक्टर-63 क्षेत्र के प्लॉट नंबर एफ-463 स्थित गारमेंट फैक्ट्री की है। चीफ फायर ऑफिसर प्रदीप कुमार के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 7:50 बजे फैक्ट्री की चौथी मंजिल पर आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की टीमों को तत्काल मौके पर भेजा गया। आग की गंभीरता को देखते हुए हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म और वाटर टावर समेत कुल आठ दमकल गाड़ियां लगाई गईं। दमकल कर्मियों ने फैक्ट्री के अंदर प्रवेश कर आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग को चौथी मंजिल तक ही सीमित रखते हुए बुझा लिया गया, जिससे आसपास की अन्य फैक्ट्रियों तक आग फैलने से बच गई।
शॉर्ट सर्किट या एसी से आग लगने की आशंका
सीएफओ ने बताया कि प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट या एसी ऑन होने के कारण आग लगने की आशंका है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। फैक्ट्री खुलने के समय आग भड़कने की जानकारी सामने आई है। राहत की बात यह रही कि समय रहते दमकल की टीम मौके पर पहुंच गई और किसी कर्मचारी के अंदर फंसे होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।
