द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा:ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के द्वारा शिकायतों के त्‍वरित समाधान का आश्‍वासन दिया जाता है, लेकिन समाधान नहीं होता है। इस कारण विभिन्‍न सेक्‍टरों के लोग परेशान हैं। शिकायतों का समाधान न होने की कुछ ऐसी ही स्थिति सेक्‍टर ओमिक्रॉन-3 की भी है। आलम यह है कि सेक्‍टर के आरडब्‍ल्‍यूए पदाधिकारी पिछले लगभग 8 माह से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में अधिकारियों के कार्यालय का चक्‍कर लगा रहे हैं लेकिन समस्‍या जस की तस बनी हुई है। सेक्‍टर के आरडब्‍ल्‍यूए अध्‍यक्ष राजा मावी का कहना है कि सेक्‍टर के लगभग सभी पार्क व ग्रीन बेल्‍ट बदहाल पड़ी हुई है। पार्कों में बड़ी-बड़ी घास उग आई है। बारिश का मौसम होने के कारण उसमें कीड़े व मच्‍छर पनप रहे हैं। प्राधिकरण अधिकारियों से पिछले 8 माह से मांग की जा रही है कि पार्कों में घास की कटिंग करा दी जाए लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।