द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के नॉलेज पार्क-3 में मंगलवार देर रात को शारदा यूनिवर्सिटी के पीछे आईजीएल की गैस पाइपलाइन में रिसाव के बाद अचानक आग लग गई। पाइपलाइन से उठी ऊंची लपटों और धुएं के गुबार को देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और आईजीएल की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। राहत की बात रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पाइपलाइन से अचानक गैस का रिसाव शुरू हुआ और कुछ ही देर में आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। आग इतनी तेज थी कि काफी दूर तक धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और फायर विभाग को दी।

गैस सप्लाई कराई गई बंद
मौके पर पहुंची आईजीएल की तकनीकी टीम ने एहतियातन गैस की सप्लाई बंद कराई। इसके बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। समय रहते गैस सप्लाई बंद किए जाने से बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में कुछ देर तक दहशत का माहौल रहा। पाइपलाइन में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।