द न्यूज गली, नोएडा : गौतमबुद्धनगर के थाना फेस-2 पुलिस ने नकली सिगरेट को नामी ब्रांड की असली डिब्बियों में पैक कर बाजार में बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से गोल्ड फ्लेक और कैप्सटन ब्रांड की कुल 4940 खाली डिब्बियां, 700 ग्राम खुला तंबाकू, तीन रैपिंग मशीन और तस्करी में इस्तेमाल कार बरामद की गई है।पुलिस ने बताया कि 14 नवंबर को लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग से मिली सूचना के आधार पर थाना फेस-2 पुलिस ने पुस्ता रोड, ककराला के पास से संदीप पुत्र धर्मवीर सिंह और संदीप उर्फ संजीव उर्फ सन्नी पुत्र महावीर सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपितों के कब्जे से गोल्ड फ्लेक की 3500 और कैप्सटन की 1440 खाली डिब्बियां मिलीं। इसके अलावा गोल्ड फ्लेक की 128 और कैप्सटन की 57 सिगरेट, 700 ग्राम खुला तंबाकू और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली तीन मशीनें बरामद हुईं।
मोटा मुनाफा कमाते थे
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे तंबाकू को सिगरेट में भरकर नामी ब्रांड की खाली डिब्बियों में रखते थे। इसके बाद मशीनों से डिब्बियों को दोबारा रैप कर देते थे। इस तरह तैयार नकली सिगरेट को छोटे दुकानदारों को असली बताकर बेचते थे और मुनाफा कमाते थे।पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल टोयोटा ग्लैंजा कार भी बरामद की है। मामले में मुख्य आरोपित की तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ थाना फेस-2 में धोखाधड़ी और ट्रेडमार्क एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
संदीप के खिलाफ मुकदमा पहले से दर्ज
पुलिस के मुताबिक, संदीप उर्फ संजीव के खिलाफ बुलंदशहर के पहासू थाने में लूट, हत्या के प्रयास, बरामदगी और गैंगस्टर एक्ट समेत तीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
